चोरी और चेन स्नैचिंग रोकने के लिए पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश
लंबित विवेचनाओं का जल्द निस्तारण करने पर जोर गुमशुदा बच्चों की बरामदगी और ब्लाइंड केसों के खुलासे को प्राथमिकता
लखनऊ उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश
उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण ने अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में पुलिस अधिकारियों को जीरो टॉलरेंस की नीति को पुलिसिंग की मूल कार्यशैली बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ आमजन की शिकायतों का त्वरित निस्तारण और पुलिस के व्यवहार में सुधार भी प्राथमिकता होनी चाहिए।

बैठक में चोरी और चेन स्नैचिंग जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाने पर जोर दिया गया। डीजीपी ने थानों में जनसुनवाई को प्रभावी बनाने और फरियादियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यशैली ऐसी होनी चाहिए, जिससे आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हो।
लंबित विवेचनाओं के निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश
डीजीपी ने 60 और 90 दिनों से लंबित विवेचनाओं की समीक्षा कर उनका जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही ब्लाइंड केसों के खुलासे के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने और अपराधियों तक पहुंचने के लिए साक्ष्य आधारित प्रभावी जांच पर जोर दिया। गुमशुदा बच्चों की सुरक्षित बरामदगी को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इस दिशा में गंभीरता से कार्रवाई करने को कहा गया।
त्योहारों पर हादसों की रोकथाम और तकनीक के इस्तेमाल पर जोर
त्योहारों के दौरान डूबने और करंट लगने से होने वाली मौतों को रोकने के लिए आवश्यक सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों से स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और संभावित दुर्घटनाओं वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया।

अपराधियों की निगरानी और उनके दोबारा अपराध करने की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने के लिए यक्ष ऐप के प्रभावी इस्तेमाल पर भी जोर दिया गया। इसके अलावा, iGOT पोर्टल पर एक करोड़ कोर्स पूरे करने के मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस के देश में प्रथम स्थान पर रहने की उपलब्धि का उल्लेख किया गया। बैठक में अपराध नियंत्रण, बेहतर जनसुनवाई, तकनीक के उपयोग और पुलिसकर्मियों के प्रशिक्षण को प्रभावी पुलिसिंग के अहम आधार के रूप में रेखांकित किया गया।




