बाटा गली में अनोखे झुमकों ने खींचा लोगों का ध्यान, देखकर हर कोई रह गया हैरान
कानों में लटकते ‘ट्रांसफार्मर’ और ‘बिजली टावर’, शहर में चर्चा का विषय बने अनोखे आभूषण
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
सुल्तानपुर जनपद के शहर की बाटा गली इन दिनों अपने अनोखे झुमकों को लेकर चर्चा में है। यहां महिलाओं के लिए उपलब्ध कुछ झुमकों के डिजाइन इतने अलग और दिलचस्प हैं कि पहली नजर में उन्हें देखकर लोग भी हैरान रह जा रहे हैं। बिजली के ट्रांसफार्मर जैसे आकार वाले झुमकों के साथ ही बड़े-बड़े बिजली टावर की आकृति वाले झुमके भी लोगों का ध्यान खींच रहे हैं।

बाटा गली में दुकानों पर सजे इन अनोखे आभूषणों को देखने के लिए महिलाओं के साथ अन्य लोग भी उत्सुकता दिखा रहे हैं। सामान्य डिजाइन से अलग इन झुमकों में बिजली के ट्रांसफार्मर और हाईटेंशन टावर की आकृति को बारीकी से उकेरा गया है। सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर भी इनके फोटो और वीडियो चर्चा में हैं।
खास बात यह है कि बिजली के उपकरणों से जुड़े इन डिजाइन को देखकर मजाकिया अंदाज में लोग कह रहे हैं कि अब बिजली विभाग के ट्रांसफार्मर और टावर जमीन पर ही नहीं, महिलाओं के कानों में भी नजर आने लगे हैं। अनोखे डिजाइन ने आभूषण बाजार में भी लोगों की दिलचस्पी बढ़ा दी है।




