प्रदेश में संगठनात्मक गतिविधियों और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर हुई चर्चा
कार्यकर्ताओं से निरंतर संवाद और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर
लखनऊ उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश कुमार
राजधानी लखनऊ भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी से शैलेश कुमार राजभर ने राजधानी लखनऊ में मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच प्रदेश में पार्टी के संगठनात्मक विस्तार, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनसरोकार से जुड़े विभिन्न समसामयिक विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुलाकात के दौरान शैलेश कुमार राजभर ने प्रदेश में चल रही संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी पंकज चौधरी को दी। उन्होंने कार्यकर्ताओं की भूमिका, क्षेत्रीय स्तर पर संगठन की सक्रियता तथा जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर किए जा रहे प्रयासों पर भी चर्चा की। संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने को लेकर दोनों के बीच विचार-विमर्श हुआ।
पंकज चौधरी ने संगठन को जमीनी स्तर पर और प्रभावी बनाने तथा कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और जनता से सीधा संपर्क बेहद महत्वपूर्ण है। साथ ही केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और नीतियों की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों और उनमें कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों को लेकर भी चर्चा हुई। माना जा रहा है कि प्रदेश में संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने की दिशा में कार्यकर्ताओं की भूमिका को और प्रभावी बनाया जा रहा है।
मुलाकात के बाद शैलेश कुमार राजभर ने केंद्रीय मंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व के मार्गदर्शन में कार्यकर्ता संगठन को मजबूत करने और जनसरोकार के मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से जुटे हैं।




