पुनीता सिंह विश्वकर्मा महासम्मेलन में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने की अपील
सामाजिक और राजनीतिक हिस्सेदारी का उठा मुद्दा
कटरिया कांड और निशा प्रकरण का जिक्र कर भाजपा सरकार पर साधा निशाना, समाज की एकजुटता को बताया जरूरी
लखनऊ/ गाजीपुर उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश कुमार
2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों की तैयारियों के बीच गाजीपुर में आयोजित विश्वकर्मा समाज के महासम्मेलन में सियासी संदेश भी गूंजा। अखिल भारतीय विश्वकर्मा शिल्पकार महासभा के सम्मेलन में समाज की सामाजिक एकजुटता को राजनीतिक ताकत में बदलने और पीडीए की लामबंदी के जरिए आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का संकल्प लिया गया। मुख्य वक्ता समाजवादी महिला सभा की राष्ट्रीय महासचिव पुनीता सिंह खुशबू ने विश्वकर्मा समाज से एकजुट होकर 2027 में सपा के पक्ष में खड़े होने की अपील की।
जिला पंचायत सभागार में आयोजित महासम्मेलन का नेतृत्व सपा नेता एवं विश्वकर्मा महासभा के जिलाध्यक्ष शशिकांत विश्वकर्मा उर्फ भुवर प्रधान ने किया। मुख्य अतिथि महासभा के प्रदेशाध्यक्ष अच्छे लाल विश्वकर्मा और मुख्य वक्ता पुनीता सिंह खुशबू रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। महासभा के प्रदेश सचिव मदन मोहन विश्वकर्मा ने संचालन किया। जिलाध्यक्ष शशिकांत विश्वकर्मा ने अतिथियों का माला, पुष्प व अंगवस्त्र भेंटकर स्वागत किया।
विश्वकर्मा समाज की हिस्सेदारी पर जोर
पुनीता सिंह खुशबू ने कहा कि समाज को अपने अधिकार, सम्मान और राजनीतिक हिस्सेदारी के लिए संगठित होना होगा। उन्होंने कहा कि पीडीए समाज की एकजुटता ही राजनीतिक बदलाव का आधार बनेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं और समाज के लोगों से 2027 में अखिलेश यादव के नेतृत्व में सरकार बनाने में सहयोग करने की अपील की।
उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बेटियों, महिलाओं और पीडीए समाज के उत्पीड़न के मुद्दों को लेकर समाजवादी पार्टी जनता के बीच आवाज उठा रही है। उनके मुताबिक जनता के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष किया जा रहा है और 2027 में इसका असर दिखाई देगा।
कटरिया कांड का मुद्दा भी गरमाया
महासभा के प्रदेशाध्यक्ष अच्छे लाल विश्वकर्मा ने कहा कि राजनीतिक और सामाजिक अधिकारों के लिए विश्वकर्मा समाज का एकजुट होना जरूरी है। उन्होंने गाजीपुर के कटरिया कांड का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज इस घटना को भूलने वाला नहीं है। सम्मेलन में वक्ताओं ने घटना की निंदा करते हुए सामाजिक एकता को मजबूत करने पर जोर दिया।
निशा प्रकरण का जिक्र करते हुए पीड़िता के पिता सियाराम विश्वकर्मा ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की सराहना की। उन्होंने कहा कि कठिन समय में समाजवादी पार्टी ने उनका साथ दिया और मदद की। उन्होंने भविष्य में भी पार्टी के साथ खड़े रहने की बात कही।
मंच पर जुटे सपा के कई चेहरे
महासम्मेलन में जंगीपुर विधायक डॉ. वीरेंद्र यादव, मोहम्मदाबाद विधायक मन्नू अंसारी, सदर विधायक जै किशुन साहू, जमानियां विधायक प्रतिनिधि मन्नू सिंह, पूर्व विधायक खुर्शीद अहमद, सपा जिलाध्यक्ष गोपाल यादव समेत कई नेताओं ने सहभागिता की। ओमप्रकाश विश्वकर्मा, रामावतार विश्वकर्मा, राजकुमार पांडेय और सतेंद्र यादव समेत अन्य वक्ताओं ने भी समाज की राजनीतिक और सामाजिक एकजुटता पर जोर दिया।
सम्मेलन में वक्ताओं के बयानों और जुटे सपा नेताओं की मौजूदगी से साफ रहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सामाजिक समूहों के बीच राजनीतिक पहुंच और समर्थन मजबूत करने की कवायद तेज हो रही है। विश्वकर्मा समाज के मंच से पीडीए की एकजुटता और अखिलेश यादव के नेतृत्व में सरकार बनाने का आह्वान इसी राजनीतिक रणनीति का हिस्सा माना गया।




