महर्षि विद्या मंदिर में गुरु पूजा के साथ हुआ विश्व शांति दिवस कार्यक्रम, सामूहिक ध्यान में शामिल हुए छात्र-छात्राएं
सकारात्मक सोच से ही बनेगा शांतिपूर्ण समाज जेएन उपाध्याय
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश कुमार
जनपद सुलतानपुर मे महर्षि विद्या मंदिर सुलतानपुर के प्रांगण में विश्व शांति दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ परंपरागत गुरु पूजा के साथ हुआ। प्रधानाचार्य जेएन उपाध्याय ने गुरु परंपरा का पूजन कर विद्यार्थियों, शिक्षकों और उपस्थित अभिभावकों को विश्व शांति दिवस की शुभकामनाएं दीं।
प्रधानाचार्य ने कहा कि महर्षि महेश योगी के विश्व शांति आंदोलन का उद्देश्य सकारात्मकता का विकास कर लोगों के बीच प्रेम, सौहार्द और आपसी सद्भाव को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि विश्व में शांति की स्थापना के लिए महर्षि जी ने भावातीत ध्यान एवं सिद्धि जैसी सहज वैज्ञानिक तकनीकें मानव कल्याण के लिए प्रदान कीं। इनके नियमित अभ्यास से तनावमुक्त जीवन और सकारात्मक चिंतन को बढ़ावा मिलता है।
उन्होंने कहा कि महर्षि शिक्षा संस्थान के अध्यक्ष ब्रह्मचारी गिरीश जी महर्षि महेश योगी के सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। शिक्षा संस्थान से जुड़े सभी लोग इस अभियान में सहभागी बनकर अधिक से अधिक लोगों को सकारात्मक जीवनशैली से जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं।
प्रधानाचार्य ने कहा कि भावातीत ध्यान का अभ्यास भारत सहित विभिन्न देशों में किया जा रहा है। नियमित ध्यान से मन-मस्तिष्क में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है, जिससे व्यक्ति के व्यवहार और परिवेश पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। सकारात्मक सोच और ऊर्जा के माध्यम से स्वस्थ एवं शांतिपूर्ण समाज के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य ने सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को विश्व में शांति की स्थापना के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने की शपथ दिलाई। इसके बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से भावातीत ध्यान का अभ्यास किया।
इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के साथ अभिभावक भी मौजूद रहे।




