बरौंसा बाजार के निजी अस्पताल में कार्यरत थी युवती, संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से मचा हड़कंप
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
जयसिंहपुर थाना क्षेत्र के बरौंसा बाजार में एक निजी अस्पताल में कार्यरत 22 वर्षीय नर्स का शव किराये के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलने पर इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच में जुटी है।
मृतका की पहचान शिल्पा सैनी उर्फ रजनी (22) के रूप में हुई है। वह बरौंसा बाजार स्थित एक निजी अस्पताल में नर्स के पद पर कार्यरत थी और किराये के कमरे में रहती थी। कमरे में उसका शव फंदे से लटका मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की।
घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है।




