जंगलराज से बिहार को निकालकर विकास और सुशासन की राह पर आगे बढ़ाने का किया उल्लेख
जॉर्ज फर्नांडीज, अटल बिहारी वाजपेयी, शरद यादव और अनाम कार्यकर्ताओं को भी किया याद
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
सुशासन दिवस के अवसर पर जनता दल (यूनाइटेड) के उत्तर प्रदेश प्रबुद्ध प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश उपाध्याय ने दीप प्रज्वलित कर बिहार में सुशासन की स्थापना और विकास में योगदान देने वाले महापुरुषों एवं पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं को नमन किया।
उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि 24 नवंबर 2005 को उनके नेतृत्व में बिहार में सुशासन के एक नए अध्याय की शुरुआत हुई थी। उनके प्रयासों ने बिहार को जंगलराज की छवि से बाहर निकालकर विकास की राह पर आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
ओम प्रकाश उपाध्याय ने कहा कि वर्ष 2005 के बिहार और आज के बिहार के बीच बड़ा अंतर दिखाई देता है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, कानून-व्यवस्था, महिला सशक्तीकरण और कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों में हुए बदलाव सुशासन की दिशा में किए गए प्रयासों का परिणाम हैं। सात निश्चय योजना, जीविका, कृषि रोड मैप, जल-जीवन-हरियाली अभियान और महिलाओं को आरक्षण जैसी योजनाओं ने सामाजिक और आर्थिक बदलाव को नई दिशा दी है।
उन्होंने कहा कि इस परिवर्तन यात्रा में नीतीश कुमार के साथ पूर्व केंद्रीय मंत्री जॉर्ज फर्नांडीज, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव और उन हजारों अनाम कार्यकर्ताओं का भी अहम योगदान रहा है, जिन्होंने बिना किसी स्वार्थ के संगठन और सुशासन के मिशन के लिए अपना जीवन समर्पित किया। ऐसे सभी महापुरुषों और गुमनाम कार्यकर्ताओं के सम्मान में दीप प्रज्वलित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
उपाध्याय ने भावुक अंदाज में कहा कि भले ही आज उन अनाम कार्यकर्ताओं को अपेक्षित सम्मान और पहचान नहीं मिल रही हो, लेकिन सुशासन की यह गाथा उन्हीं के त्याग, संघर्ष और समर्पण की नींव पर लिखी गई है। उन्होंने कहा, “हम तो मर-मिटकर खाद-पानी बन जाएंगे, लेकिन बिहार का विकास और सुशासन का संकल्प निरंतर आगे बढ़ता रहना चाहिए। आबाद रहे बिहार और विकसित बिहार बने हमारा।”
इस मौके पर उन्होंने जदयू के नेताओं, कार्यकर्ताओं और उन करोड़ों मतदाताओं के प्रति आभार जताया, जिन्होंने सुशासन की राजनीति पर भरोसा जताया। उन्होंने सभी से नीतीश कुमार की नीतियों और दूरदर्शी सोच से प्रेरणा लेकर विकसित, समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर बिहार के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।




