करगाहर (रोहतास) Etv News 24
पटना हाईकोर्ट के आदेश के बाद मंगलवार को करगहर प्रखंड के खखड़ा गांव में अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू की गई। करीब ढाई एकड़ में फैली आहर की जमीन पर वर्षों से किए गए अवैध कब्जे को हटाने के लिए प्रशासनिक टीम बुलडोजर लेकर पहुंची। कार्रवाई शुरू होते ही अतिक्रमणकारियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, बुलडोजर में तकनीकी खराबी आने के कारण पहले दिन केवल तीन अवैध निर्माण ही ध्वस्त किए जा सके।बताया जाता है कि खखड़ा गांव स्थित आहर की जमीन पर करीब 30 से 35 लोगों ने पक्का और कच्चा निर्माण कर कब्जा जमा रखा था। इससे आहर का अस्तित्व प्रभावित हो रहा था। जल संचय और जल निकासी की व्यवस्था भी बाधित हो रही थी। गांव की इस समस्या को लेकर खखड़ा निवासी कपिल मुनी राय ने पटना उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था। उन्होंने न्यायालय में परिवाद दायर कर आहर की जमीन को अतिक्रमणमुक्त कराने की मांग की थी। मामले पर सुनवाई के बाद उच्च न्यायालय ने अतिक्रमण हटाने का आदेश दिया। इसी आदेश के अनुपालन में मंगलवार को अंचल प्रशासन ने बुलडोजर चलाने की कार्रवाई शुरू की।मशीन खराब होने से अधूरी रह गई कार्रवाईप्रशासनिक कार्रवाई के दौरान बुलडोजर में तकनीकी खराबी आ गई, जिसके कारण अभियान को आगे नहीं बढ़ाया जा सका। पहले दिन महज तीन निर्माण ही ध्वस्त हो पाए। शेष अतिक्रमणकारियों के अवैध निर्माण पर भी जल्द बुलडोजर चलाने की तैयारी है।पांच भूमिहीन परिवारों के पुनर्वास की होगी व्यवस्थाअंचलाधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि आहर की जमीन पर कुल 35 लोगों का अतिक्रमण चिह्नित किया गया है। इनमें पांच परिवार भूमिहीन हैं। उनके पुनर्वास के लिए जमीन बंदोबस्त करने की प्रक्रिया की जाएगी। उन्होंने कहा कि न्यायालय के आदेश के अनुरूप शेष अतिक्रमण भी जल्द हटाया जाएगा।प्रशासन की इस कार्रवाई से गांव में आहर की जमीन अतिक्रमणमुक्त होने और जल संचय की पुरानी व्यवस्था बहाल होने की उम्मीद जगी है।




