सपा-कांग्रेस गठबंधन को बताया कमजोर, बोले- भाजपा की चुनावी तैयारियां पूरी तरह दुरुस्त
कोर कमेटी की बैठक को बताया नियमित प्रक्रिया, चुनावी रणनीति को लेकर पार्टी पूरी तरह तैयार
लखनऊ/उत्तर प्रदेश Etv News 24/संवाददाता वागीश
उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। इसी बीच उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने दावा किया है कि भाजपा प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी की चुनावी तैयारियां पूरी तरह दुरुस्त हैं और संगठन चुनाव को लेकर पूरी तरह सक्रिय है।
कोर कमेटी की बैठकों को लेकर उन्होंने कहा कि पार्टी में ऐसी बैठकें नियमित रूप से होती रहती हैं। इन्हें चुनावी तैयारियों और संगठनात्मक गतिविधियों की सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा बताया। उन्होंने संकेत दिया कि भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी रणनीति और संगठनात्मक मजबूती पर लगातार काम कर रही है।
वहीं, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर चल रही चर्चाओं पर निशाना साधते हुए मौर्य ने कहा कि सपा-कांग्रेस का गठबंधन भाजपा के लिए कोई समस्या नहीं है। उन्होंने दावा किया कि यह गठबंधन चुनाव में बुरी तरह पराजित होगा। उपमुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रदेश की जनता एक बार फिर भाजपा पर भरोसा जताएगी और 2027 में पार्टी की सरकार बनेगी।




