मुख्यमंत्री ने किया रेल सेवा का शुभारंभ 604 किलोमीटर की दूरी तय करेगी ट्रेन 17 एलएचबी कोच से लैस होगी एक्सप्रेस
एसी और स्लीपर श्रेणी की सुविधा सीधी रेल सेवा से अवध और मिथिला के सदियों पुराने आध्यात्मिक रिश्तों को मिलेगी मजबूती
अयोध्या उत्तर प्रदेश /Etv News 24/संवाददाता वागीश
अयोध्या और नेपाल के जनकपुरधाम के बीच धार्मिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को नई मजबूती देने के उद्देश्य से सरयू-कमला एक्सप्रेस का शुभारंभ हो गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस विशेष रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ट्रेन 28 नवंबर से नियमित रूप से संचालित होगी। इसके शुरू होने से अयोध्या और जनकपुरधाम के बीच आवागमन पहले से अधिक सुगम हो जाएगा।
सरयू-कमला एक्सप्रेस अयोध्या से जनकपुरधाम के बीच करीब 604 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। ट्रेन में कुल 17 एलएचबी कोच लगाए गए हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए इसमें एसी और स्लीपर श्रेणी के कोच शामिल किए गए हैं। यह पूरी तरह आरक्षित रेल सेवा होगी। इसमें केवल कन्फर्म टिकट वाले यात्रियों को ही सफर करने की अनुमति मिलेगी।
इस रेल सेवा को केवल परिवहन की सुविधा के रूप में ही नहीं, बल्कि भारत और नेपाल के बीच धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक रिश्तों को प्रगाढ़ करने की महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है। अयोध्या भगवान श्रीराम की जन्मभूमि है, जबकि जनकपुरधाम माता सीता की जन्मस्थली के रूप में प्रसिद्ध है। दोनों धार्मिक स्थलों के बीच सीधी रेल सेवा शुरू होने से श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलेगी। साथ ही अवध और मिथिला की साझा विरासत को भी नया विस्तार मिलेगा।




