मेले और पूजा स्थलों पर बढ़ेगी निगरानी, सीसीटीवी से होगी चप्पे-चप्पे की निगरानी
दशहरा पर कानून-व्यवस्था को लेकर अफसर अलर्ट, आयोजक समितियों से समन्वय के निर्देश
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
सुलतानपुर जनपद मे नवरात्रि, दुर्गापूजा और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कमर कस ली है। गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह और पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल की मौजूदगी में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की समीक्षा बैठक हुई। इसमें पर्व के दौरान सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन को लेकर तैयारियों की समीक्षा की गई।
बैठक में मेला व पूजा स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने, यातायात और पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। पूजा स्थलों और प्रमुख आयोजनों की सीसीटीवी कैमरों से निगरानी सुनिश्चित करने के साथ महिला और बाल सुरक्षा को भी प्राथमिकता देने को कहा गया।
डीएम और एसपी ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहने के निर्देश दिए। साथ ही आयोजन समितियों से समन्वय स्थापित कर व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त करने और किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं और आमजन को किसी तरह की परेशानी न हो। सभी धार्मिक आयोजन आपसी सौहार्द और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस एवं प्रशासन के स्तर से आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक वृजनारायण सिंह, सभी क्षेत्राधिकारी तथा संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे




