अहिंसा और सत्य के संदेश को आत्मसात करने का आह्वान, विकसित भारत के निर्माण में बापू के विचारों को बताया मार्गदर्शक
सादगी, स्वच्छता और सेवा के आदर्शों को आगे बढ़ाने का दिया संदेश
लखनऊ उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
लखनऊ राजधानी मे आज 2 अक्टूबर के गांधी जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने बापू की स्मृतियों को याद करते हुए उनके सत्य, अहिंसा, सादगी और सेवा के विचारों को समाज और राष्ट्र के लिए सदैव प्रासंगिक बताया। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस की भी शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा को जीवन का आधार बनाकर देश को स्वतंत्रता के लिए एकजुट किया। उनका जीवन सादगी, अनुशासन, स्वच्छता और जनसेवा का संदेश देता है। गांधी जी के विचार केवल स्वतंत्रता आंदोलन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि आज भी समाज और राष्ट्र के निर्माण में मार्गदर्शन करते हैं।
उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को पूरा करने में बापू के विचार महत्वपूर्ण मार्गदर्शक हैं। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज में आपसी सद्भाव, स्वच्छता, सेवा और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने गांधी जयंती के अवसर पर प्रदेशवासियों से महात्मा गांधी के आदर्शों को अपने आचरण में उतारने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।




