16-17 नवंबर को जुटेंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री और प्रदेश संगठन के दिग्गज नेता
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के भी बैठक में शामिल होने की संभावना, चुनावी मुद्दों और संगठन की मजबूती पर होगा मंथन
लखनऊ उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
जनपद मथुरा में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनावी रणनीति को धार देने और संगठन को मजबूत बनाने के लिए भाजपा की महत्वपूर्ण बैठक 16 और 17 नवंबर को मथुरा में प्रस्तावित है। दो दिवसीय इस बैठक में प्रदेश सरकार और संगठन के शीर्ष नेतृत्व के जुटने की संभावना है।
बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी तथा प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। इसके अलावा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के भी बैठक में पहुंचने की चर्चा है। उनके शामिल होने की स्थिति में बैठक का राजनीतिक महत्व और बढ़ जाएगा।
बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों, संभावित चुनावी मुद्दों, सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने और संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा पर विशेष चर्चा हो सकती है। इसके साथ ही बूथ स्तर तक पार्टी की पकड़ मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और विपक्ष की रणनीति का जवाब देने जैसे विषयों पर भी मंथन होने की संभावना है।
भाजपा के नेतृत्व मे इस बैठक के जरिए चुनाव से पहले संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में भी कदम बढ़ा सकता है। मथुरा में होने वाले इस मंथन को वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की रणनीतिक तैयारियों की अहम कड़ी माना जा रहा है।




