अतिपिछड़ी जातियों को जनसंख्या के अनुपात में हिस्सेदारी देने की मांग, भाजपा-सपा-कांग्रेस और बसपा पर लगाया वादाखिलाफी का आरोप
17 नवंबर को दिल्ली में होगी रैली, 15 जनवरी तक प्रदेशभर में एक दर्जन सभाएं करेगा मोर्चा
लखनऊ उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
सूत्रों के मुताबिक उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले अतिपिछड़ी जातियों को एकजुट कर नई राजनीतिक ताकत खड़ी करने की कवायद शुरू हो गई है। इसी क्रम में विभिन्न राजनीतिक दलों ने एकजुट होकर ‘कर्पूरी मोर्चा’ का गठन किया है। लखनऊ प्रेस क्लब में आयोजित संयुक्त प्रेसवार्ता में मोर्चे के घटक दलों के राष्ट्रीय अध्यक्षों ने इसकी औपचारिक घोषणा की। फिलहाल मोर्चे में चार राजनीतिक दल शामिल हैं, जबकि अन्य चार दलों को जोड़ने की संभावना भी खुली रखी गई है।
मोर्चे के घटक दल इंडियन जन सेवा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनेश ठाकुर कर्पूरी ने सपा, बसपा, कांग्रेस और भाजपा समेत प्रमुख राजनीतिक दलों पर अतिपिछड़ी जातियों की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दल ‘जिसकी जितनी संख्या भारी, उसकी उतनी हिस्सेदारी’ का नारा तो देते हैं, लेकिन टिकट वितरण और सत्ता में भागीदारी के समय इस सिद्धांत को भुला देते हैं। अतिपिछड़ी जातियों को गठबंधन में शामिल कर उनका वोट तो लिया जाता है, लेकिन उन्हें राजनीतिक हिस्सेदारी नहीं दी जाती। इसी व्यवस्था में बदलाव लाने के लिए जननायक कर्पूरी ठाकुर के नाम पर मोर्चे का गठन किया गया है।
सामाजिक न्याय पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष इंजीनियर देवेंद्र कश्यप ने ऐलान किया कि मोर्चा 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 403 सीटों पर प्रत्याशी उतारेगा। टिकट वितरण में जनसंख्या के अनुपात को आधार बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सविता और विश्वकर्मा समेत कई अतिपिछड़ी जातियों का आज तक विधानसभा में प्रतिनिधित्व नहीं है। मोर्चा फिल्मी सितारों और पूंजीपतियों को टिकट देने के बजाय गरीबों, किसानों और मजदूरों को राजनीतिक नेतृत्व में आगे बढ़ाएगा।
अखंड भारत विकास पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश सैनी ने दावा किया कि अतिपिछड़ी जातियों की आबादी और वोट प्रतिशत कई विधानसभा क्षेत्रों में निर्णायक स्थिति में है। सैनी, शाक्य, कुशवाहा, मौर्य, पाल, प्रजापति, सैन, सविता, कश्यप और विश्वकर्मा सहित अनेक समाजों की एकजुटता से प्रदेश में सत्ता परिवर्तन की ताकत खड़ी की जा सकती है। वहीं सामाजिक न्याय पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजेश तुरैहा ने कहा कि तुरैहा समाज को भी अब तक पर्याप्त राजनीतिक प्रतिनिधित्व नहीं मिला है। मोर्चा वंचित समाज को नेतृत्व देने और सामाजिक न्याय की लड़ाई को राजनीतिक मंच प्रदान करने के लिए आगे आया है।
प्रेसवार्ता में बताया गया कि सरकारी और गैर-सरकारी क्षेत्रों में जनसंख्या के अनुपात में हिस्सेदारी तथा आरक्षण की मांग को लेकर 17 नवंबर को नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में रैली आयोजित की जाएगी। इसके बाद 15 जनवरी तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में एक दर्जन सभाएं और रैलियां की जाएंगी। मोर्चे के नेताओं ने कहा कि यदि प्रमुख राजनीतिक दल अतिपिछड़ी जातियों को जनसंख्या के अनुपात में राजनीतिक हिस्सेदारी देने को तैयार होते हैं तो गठबंधन पर विचार किया जा सकता है। अन्यथा मोर्चा अपने दम पर सभी सीटों पर चुनाव लड़कर सत्ता में भागीदारी की लड़ाई लड़ेगा।




