दूसरा युवक गंभीर हालत में रेफर
लम्भुआ बाजार से घर लौटते समय हुआ हादसा, पुलिस ने शुरू की विधिक कार्रवाई
लखनऊ उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
सुल्तानपुर के कोतवाली लम्भुआ क्षेत्र के बाबा जनवारीनाथ धाम के मुख्य द्वार के सामने दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल दोनों को ग्रामीणों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लम्भुआ पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। दूसरे की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, रघुनाथपुर निवासी गौरव यादव (15) पुत्र भोला यादव और सचिन कुमार यादव (21) पुत्र कन्हैयालाल यादव लम्भुआ बाजार से बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाबा जनवारीनाथ धाम के मुख्य द्वार के सामने दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को निजी साधनों से सीएचसी लम्भुआ पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने गौरव यादव को मृत घोषित कर दिया, जबकि सचिन की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
गौरव अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। किशोर की असामयिक मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। बेटे को खोने के गम में माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।




