पोषण समिति की बैठक में योजनाओं की खुली पोल
13 केंद्रों के भवन अधूरे मातृ वंदना योजना की प्रगति 70 प्रतिशत, अधिकारियों को शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने की चेतावनी
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश /Etv News 24/संवाददाता वागीश
जिले में पोषण और मातृ-शिशु स्वास्थ्य से जुड़ी योजनाओं की जमीनी हकीकत शुक्रवार को जिला पोषण समिति की समीक्षा बैठक में सामने आई। जिले के 1044 आंगनबाड़ी केंद्रों पर अब तक जलापूर्ति की व्यवस्था नहीं हो सकी है। वहीं, 13 आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन भी अधूरे पड़े हैं। योजनाओं की सुस्त रफ्तार पर मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द कमियां दूर करने और निर्धारित लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए।
कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में आयोजित बैठक में सीडीओ ने पोषण ट्रैकर पोर्टल पर लाभार्थियों के वजन की फीडिंग की समीक्षा की। उन्होंने सभी बाल विकास परियोजना अधिकारियों को निर्देश दिया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से प्रत्येक पंजीकृत लाभार्थी का वजन पोर्टल पर दर्ज कराया जाए। साथ ही अवशेष लाभार्थियों का फेस कैप्चर और ई-केवाईसी भी शीघ्र पूरा कराया जाए।
पुष्टाहार वितरण में 95 तो मातृ वंदना योजना में 70 प्रतिशत प्रगति
बैठक में फेस कैप्चर के माध्यम से पुष्टाहार वितरण की प्रगति 95 प्रतिशत मिली।इस पर सीडीओ ने अगली बैठक तक शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने की हिदायत दी। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की प्रगति महज 70 प्रतिशत पाए जाने पर भी उन्होंने नाराजगी जताई और अगली समीक्षा बैठक से पहले शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने को कहा। प्रसवपूर्व गर्भवती महिलाओं की चौथी एएनसी जांच के तहत जिले में 1293 महिलाओं को लाभ मिलने की जानकारी दी गई। सीडीओ ने आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को दिए जाने वाले हॉट कुक्ड मील की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाते हुए व्यापक निरीक्षण कराने और भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जलापूर्ति में लापरवाही पर जल निगम से मांगा स्पष्टीकरण
आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन निर्माण की समीक्षा में 13 भवन अपूर्ण मिले। सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने और फोटोग्राफ सहित प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। कायाकल्प योजना के तहत मरम्मत के लिए लंबित भवनों का काम भी प्राथमिकता से पूरा कराने को कहा।
सबसे गंभीर स्थिति जल जीवन मिशन की समीक्षा में सामने आई। जिले के 1044 आंगनबाड़ी केंद्रों पर जलापूर्ति उपलब्ध नहीं होने पर सीडीओ ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने अधिशासी अभियंता, जल निगम को सोमवार को स्पष्टीकरण के साथ उपस्थित होकर प्रगति रिपोर्ट देने का निर्देश दिया। वहीं, 54 आंगनबाड़ी केंद्रों पर बिजली कनेक्शन के लिए अब तक आगणन उपलब्ध नहीं कराए जाने पर विद्युत विभाग के अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने को कहा।
सीडीओ ने स्पष्ट किया कि पोषण और मातृ-शिशु स्वास्थ्य से जुड़ी योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय बनाकर लंबित कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करें, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंच सके।




