छापेमारी की विधिक प्रक्रिया और आधुनिक तकनीकों की दी गई जानकारी उत्कृष्ट कार्य करने वाली टीमों को एडीजी सतर्कता ने प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
लखनऊ उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
प्रदेश में विद्युत चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने और राजस्व हानि रोकने के लिए उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन के सतर्कता विभाग ने शुक्रवार को शक्ति भवन में नवनियुक्त प्रवर्तन दल प्रभारियों के लिए एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की। इसमें विद्युत चोरी के खिलाफ कार्रवाई को पारदर्शी, निष्पक्ष और प्रभावी बनाने के लिए विधिक प्रक्रियाओं और आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी गई। इस दौरान विद्युत चोरी रोकने और राजस्व वसूली में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रवर्तन टीमों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।
कार्यशाला का शुभारंभ अपर पुलिस महानिदेशक (सतर्कता) डॉ. आरके स्वर्णकार ने किया। उन्होंने कहा कि विद्युत चोरी के विरुद्ध कार्रवाई करते समय निष्पक्षता, पारदर्शिता और संवेदनशीलता का विशेष ध्यान रखा जाए। सभी कार्रवाई निर्धारित कानूनी प्रावधानों और नियमों के अनुरूप होनी चाहिए। उन्होंने प्रवर्तन दलों को जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
प्रशिक्षण सत्र में ज्येष्ठ अभियोजन अधिकारी विनोद कुमार सिंह ने छापेमारी की विधिक प्रक्रिया, बीएनएसए की धारा 63ग, एफआईआर दर्ज कराने और और उन्हें पकड़ने की आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया।
पुलिस अधीक्षक-द्वितीय अशोक कुमार ने प्रवर्तन कार्रवाई के दौरान बॉडी वॉर्न कैमरों के अनिवार्य इस्तेमाल और मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के पालन पर जोर दिया। अपर पुलिस अधीक्षक मोनिका यादव ने रेड प्रणाली और आरएमएस पोर्टल के प्रभावी एवं समयबद्ध संचालन की जानकारी दी। कार्यशाला के समापन पर प्रतिभागियों के प्रशिक्षण का मूल्यांकन भी किया गया।
इस अवसर पर एडीजी सतर्कता डॉ. आरके स्वर्णकार ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली टीमों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
उन्होंने कहा कि विद्युत चोरी के खिलाफ अभियान में तत्परता के साथ निष्पक्षता और पारदर्शिता भी सर्वोपरि है। सभी प्रवर्तन दल भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ शंकर मीणा, पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार, ज्येष्ठ अभियोजन अधिकारी विनोद कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।




