प्रतापगढ़ की रहने वाली युवती 20 दिन पहले आई थी सुल्तानपुर
संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से मचा हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस
लखनऊ उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
सुल्तानपुर के कोतवाली नगर क्षेत्र के वल्लीपुर में शुक्रवार को एक युवती का शव कमरे के अंदर फंदे से लटका मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका बीएससी की छात्रा बताई जा रही है और मूल रूप से प्रतापगढ़ की रहने वाली थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, युवती करीब 20 दिन पहले ही वल्लीपुर आई थी। शुक्रवार को वह कमरे के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकी मिली। काफी देर तक कमरे का दरवाजा बंद रहने और युवती की कोई गतिविधि नजर न आने पर मामले की जानकारी हुई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसके कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।




