विज्ञान और तकनीक के साथ सांस्कृतिक विरासत से जुड़ना भी जरूरी
वायु प्रदूषण जैसी समस्याओं के समाधान के लिए नए प्रयोग करने का आह्वान
विद्या भारती की तीन दिवसीय क्षेत्रीय प्रतियोगिता के सांस्कृतिक कार्यक्रम में पहुंचे जिलाधिकारी
लखनऊ उत्तर प्रदेश /Etv News 24/संवाददाता वागीश
सुलतानपुर मे आज सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ज्ञान कुंज, विवेकानंद नगर में विद्या भारती पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र की तीन दिवसीय क्षेत्रीय प्रतियोगिता के तहत आयोजित संध्याकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम में जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विद्यालय के प्रबंधक डॉ. पवन सिंह और प्रधानाचार्य राकेश मणि त्रिपाठी के नेतृत्व में कन्या भारती की छात्राओं एवं छात्र संसद के विद्यार्थियों ने उनका स्वागत किया।
जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने विद्या भारती के शैक्षिक एवं सांस्कृतिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संपूर्ण व्यक्तित्व के विकास के लिए विज्ञान, गणित और तकनीक के साथ अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ना भी बेहद जरूरी है। पूर्वजों से मिली सांस्कृतिक चेतना और परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने की जिम्मेदारी विद्यार्थियों को समझनी होगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में तकनीकी ज्ञान का विशेष महत्व है, लेकिन विद्यार्थियों को टेक्नोलॉजी का गुलाम बनने के बजाय उसे अपना पार्टनर बनाना चाहिए।
डीएम ने विद्यार्थियों को रचनात्मक सोच विकसित करने और विज्ञान के क्षेत्र में नए प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वायु प्रदूषण आज गंभीर चुनौती बन चुका है। विद्यार्थियों को विज्ञान के माध्यम से इसके समाधान तलाशने के लिए मनन, चिंतन और नए प्रयोग करने चाहिए। जीवन में करियर बनाने के लिए असीमित संभावनाएं हैं। जरूरत है कि विद्यार्थी हर क्षेत्र में अपनी मजबूत पकड़ बनाएं।
विद्यालय के अनुशासन, व्यवस्था और शैक्षिक वातावरण से प्रभावित होकर जिलाधिकारी ने प्रबंधक, प्रधानाचार्य और आचार्य परिवार के प्रयासों की प्रशंसा की। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक लोकगीतों पर आधारित गायन, वादन और अभिनयपरक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सुलतानपुर विभाग के विभाग प्रचारक प्रकाश जी ने की।
उन्होंने अतिथियों का आभार जताया। इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल, वरिष्ठ चिकित्सक एवं समाजसेवी डॉ. जेपी सिंह, क्षेत्र संगठन मंत्री हेमचंद्र, सह क्षेत्र संगठन मंत्री डॉ. राममनोहर, प्रदेश निरीक्षक शेषधर द्विवेदी, बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष डॉ. विनोद कुमार सिंह, विज्ञान के क्षेत्रीय संयोजक बांके बिहारी पांडेय, गणित संयोजक संतोष सिंह, जियालाल, प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष भोलानाथ अग्रवाल, उपाध्यक्ष डॉ. वीके झा, शैलेंद्र चतुर्वेदी, आलोक आर्य, उप प्रधानाचार्य रमेश मिश्र सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी 49 जनपदों से आए छात्र-छात्राओं के साथ आचार्य एवं आचार्या भी मौजूद रहे।




