राजनीति की शुरुआत उत्तर प्रदेश से, किसी दल में जाने पर तस्वीर अभी साफ नहीं
‘हिसाब चाहिए, न्याय चाहिए, डरना नहीं है’—VRS लेने के बाद दिव्या मित्तल का बड़ा ऐलान
लखनऊ उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
पूर्व आइएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने सक्रिय राजनीति में उतरने का ऐलान कर उत्तर प्रदेश की सियासत में हलचल बढ़ा दी है। हाल ही में स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) लेने वाली दिव्या मित्तल ने कहा कि उनकी राजनीति की शुरुआत उत्तर प्रदेश से होगी और वह जनता की आवाज बनकर काम करेंगी। हालांकि, वह खुद राजनीतिक दल बनाएंगी या किसी मौजूदा दल का हिस्सा बनेंगी, इसे लेकर उन्होंने अभी स्थिति स्पष्ट नहीं की है।
दिव्या मित्तल ने अपने संदेश में कहा, “चलिए हिसाब मांगते हैं। मैं राजनीति किसी दल के साथ नहीं, जनता के साथ करूंगी।” उन्होंने जनता से जुड़े मुद्दों को उठाने की बात कहते हुए कहा कि “हिसाब चाहिए, न्याय चाहिए और डरना नहीं है।”
दिव्या मित्तल उत्तर प्रदेश में मिर्जापुर और देवरिया समेत कई जिलों में जिलाधिकारी की जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं। प्रशासनिक सेवा के दौरान उनके कामकाज को लेकर वह चर्चा में रही हैं। अब VRS लेने के बाद उनके राजनीति में आने के ऐलान ने प्रदेश की सियासत में नई चर्चाओं को जन्म दिया है।
हालांकि, दिव्या मित्तल ने अभी किसी राजनीतिक दल, विधानसभा सीट या चुनाव को लेकर कोई स्पष्ट घोषणा नहीं की है। उनके बयान से इतना साफ है कि वह उत्तर प्रदेश से अपनी राजनीतिक पारी शुरू करने की तैयारी में हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में उनके अगले कदम पर राजनीतिक दलों और समर्थकों की नजर रहेगी।




