आजमगढ़ के युवक की मौत हादसे में दूसरा युवक घायल, दोनों आजमगढ़ से लखनऊ जा रहे थे
हलियापुर क्षेत्र में माइलस्टोन 85.6 के पास हुआ हादसा, अस्पताल में उपचार के दौरान गई जान
उत्तर प्रदेश / etv news 24 / ब्यूरो एजेंसी लखनऊ
उत्तर प्रदेश के राजधानी लखनऊ के जनपद सुल्तानपुर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर गुरुवार को हलियापुर थाना क्षेत्र में बड़ा सड़क हादसा हो गया। बड़ा डांड़ कुवासी के पास माइलस्टोन 85.6 पर एक अनियंत्रित बाइक डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार आजमगढ़ निवासी दुर्गेश साहनी (35) की मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद कृष्ण चंद्र जायसवाल घायल हो गए।
घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल रहा।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक बाइक से आजमगढ़ से लखनऊ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान हलियापुर थाना क्षेत्र में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने पर यूपीईडा की एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
दुर्गेश साहनी को अयोध्या के पिठला, कुमारगंज स्थित सौ शैय्या अस्पताल ले जाया गया। वहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, दूसरे घायल कृष्ण चंद्र जायसवाल का उपचार कराया गया। हादसे में शामिल बाइक को सुरक्षा की दृष्टि से हलियापुर टोल प्लाजा पर खड़ा कराया गया। घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है।




