डेहरी रोहतास/ Etv News 24
रोहतास जिले में पुलिस प्रशासन को चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक एम. राज के आदेश पर आठ पुलिस अवर निरीक्षकों का स्थानांतरण एवं पदस्थापन किया गया है। इस फेरबदल में छह थानों और ओपी में नए थानाध्यक्षों की तैनाती की गई है। वहीं, दो अधिकारियों को पुलिस केंद्र डेहरी भेजा गया है।
रोहतास पुलिस कार्यालय की ओर से गुरुवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, डेहरी नगर थाना के थानाध्यक्ष नितेश कुमार को भानस थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। परस्थुआ थानाध्यक्ष अमित कुमार को डेहरी नगर थाना का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है। संझौली थानाध्यक्ष पूनम कुमारी को सेमरा ओपी में पदस्थापित किया गया है।
वहीं, भानस थानाध्यक्ष विजय बैठा को पुलिस केंद्र डेहरी भेजा गया है। बिक्रमगंज थाना की अनुसंधान इकाई में तैनात विकास कुमार-01 को संझौली थानाध्यक्ष बनाया गया है। डेहरी नगर की अनुसंधान इकाई में कार्यरत संजय कुमार त्रिपाठी को परस्थुआ थाने की कमान सौंपी गई है।
इसी क्रम में यदुनाथपुर थानाध्यक्ष सर्वेश कुमार को अमझोर थानाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि अमझोर थानाध्यक्ष अमित कुमार को पुलिस केंद्र डेहरी में पदस्थापित किया गया है।
पुलिस विभाग में हुए इस फेरबदल को जिले की कानून-व्यवस्था और थाना स्तर पर पुलिसिंग के संचालन से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, स्थानांतरण के संबंध में पुलिस की ओर से जारी विज्ञप्ति में किसी विशेष कारण का उल्लेख नहीं किया गया है।




