कृषि विभाग में भी बढ़ा अधिकारियों का प्रभार, अरविंद कुमार चौधरी को कृषि उत्पादन आयुक्त की अतिरिक्त जिम्मेदारी
पटना बिहार/Etv News 24/ ब्यूरो रिपोर्ट
बिहार सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के वरिष्ठ अधिकारी सीके अनिल को शिक्षा विभाग का अपर मुख्य सचिव नियुक्त किया है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से गुरुवार, 29 अक्टूबर 2026 को जारी अधिसूचना के अनुसार, सीके अनिल (1991 बैच) को बिहार राज्य योजना पर्षद, पटना के परामर्शी पद से स्थानांतरित कर अगले आदेश तक शिक्षा विभाग का अपर मुख्य सचिव बनाया गया है।
अधिसूचना के अनुसार, मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी (1995 बैच) अपने वर्तमान दायित्वों के साथ कृषि विभाग के कृषि उत्पादन आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे। उनके पास परीक्षा नियंत्रक, बिहार राज्य संयुक्त प्रवेश परीक्षा पर्षद और महानिदेशक, बिपार्ड का अतिरिक्त प्रभार भी है।
वहीं, गृह विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार (1997 बैच) को सामान्य प्रशासन विभाग के जांच आयुक्त के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। वे गृह विभाग के प्रधान सचिव के साथ सामान्य प्रशासन विभाग के प्रधान सचिव का अतिरिक्त प्रभार संभालते रहेंगे।
इसके अलावा, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अपर सचिव अमित कुमार पाण्डेय (2014 बैच) को अगले आदेश तक कृषि विभाग के अपर सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
राज्यपाल के आदेश से जारी इस अधिसूचना पर सरकार के विशेष सचिव संजय कुमार के हस्ताक्षर हैं। इन बदलावों के तहत शिक्षा, कृषि और सामान्य प्रशासन विभाग में अधिकारियों की जिम्मेदारियों में फेरबदल किया गया है।




