टक्कर इतनी जोरदार कि पल्सर के उड़े परखच्चे, दोनों घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया
अयोध्या-प्रयागराज बाईपास पर लालमणि हॉस्पिटल के सामने हुआ हादसा, मौके पर पहुंची पुलिस
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश
कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के अयोध्या-प्रयागराज बाईपास पर लालमणि हॉस्पिटल के सामने बोलेरो और पल्सर बाइक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में पल्सर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवकों के पैरों में पहने जूते तक क्षतिग्रस्त हो गए।
घायल दोनों युवक जिले के अन्नपूर्णा नगर के निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से दोनों घायलों को तत्काल जिला चिकित्सालय भेजा गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही कोतवाली देहात पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। हादसे के बाद क्षतिग्रस्त बाइक सड़क पर पड़ी रही। दुर्घटना के कारणों और बोलेरो चालक के संबंध में फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।




