सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति किया प्रेरित, एंटी रोमियो टीमों ने भीड़भाड़ वाले स्थानों पर की निगरानी
छेड़छाड़ और साइबर ठगी से बचाव के बताए उपाय, महिला हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस की ओर से मिशन शक्ति अभियान फेज-06 के तहत जनपदभर में जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में विभिन्न थाना क्षेत्रों में एंटी रोमियो टीमों और मिशन शक्ति टीमों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने दुर्गा पूजा पंडालों, चौराहों, तिराहों और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भ्रमण किया। इस दौरान संदिग्ध रूप से घूमने वाले मनचलों पर नजर रखी गई और उनकी गतिविधियों की निगरानी की गई। साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं को मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों, कानूनी अधिकारों, महिला सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस टीमों ने साइबर ठगी, ऑनलाइन धोखाधड़ी और अन्य डिजिटल अपराधों से बचने के उपाय भी बताए। किसी भी तरह की साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई। इसके अलावा छेड़छाड़, उत्पीड़न अथवा असुरक्षा की स्थिति में बिना संकोच पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया।
महिलाओं एवं बालिकाओं को आपातकालीन सहायता के लिए 1090 (वीमेन पावर लाइन), 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा), 181 (महिला हेल्पलाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 1930 (साइबर क्राइम हेल्पलाइन) और 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन) नंबरों की जानकारी दी गई। पुलिस ने इन हेल्पलाइन सेवाओं का जरूरत पड़ने पर तत्काल उपयोग करने की अपील की।




