डीएम ने अधिकारियों को दिए गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश
भूमि विवादों में राजस्व-पुलिस की संयुक्त टीम करेगी स्थलीय जांच
विद्युत पोल और तारों से हादसा होने पर तय होगी अधिकारियों की जिम्मेदारी
अवैध खनन व ओवरलोड वाहनों पर सख्ती के निर्देश
दीपावली पर डीएम ने तहसीलदार, राजस्व निरीक्षकों और लेखपालों से की आत्मीय मुलाकात, दी पर्व की शुभकामनाएं
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश
जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को तहसील बल्दीराय में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल और मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह की मौजूदगी में जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से जुड़ी कुल 70 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें छह का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपते हुए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।
समाधान दिवस में सबसे अधिक शिकायतें राजस्व, मुआवजा और विद्युत विभाग से संबंधित रहीं
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि फरियादी की समस्या का वास्तविक समाधान होना चाहिए। भूमि विवाद के मामलों में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर जाकर स्थलीय जांच करे और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करे। मुआवजे से जुड़े प्रकरणों की गंभीरता से जांच कर पात्र लोगों को नियमानुसार समय से लाभ दिलाने के भी निर्देश दिए।

विद्युत विभाग की शिकायतों पर डीएम ने खेतों में लगे बिजली के खंभों और तारों से दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने चेतावनी दी कि विभागीय लापरवाही से कोई हादसा हुआ तो संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही अवैध खनन, खनिजों के परिवहन और ओवरलोड वाहनों पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए। संवेदनशील स्थानों पर नियमित निरीक्षण और प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने निर्वाचन एवं जनगणना से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को भी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की हिदायत दी।
जनगणना-2027 के तहत स्व-गणना के प्रति लोगों को जागरूक करने और व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया।
दीपावली के अवसर पर जिलाधिकारी ने तहसीलदारों, राजस्व निरीक्षकों और लेखपालों से आत्मीय मुलाकात कर उन्हें पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी जनसेवक हैं तथा जनसेवा ही उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। आमजन को शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ समय से उपलब्ध कराने के लिए ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ काम करने की अपील की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ दीपावली के अवसर पर सामूहिक फोटो भी खिंचवाया।
समाधान दिवस के दौरान डीएम ने परिसर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर उपलब्ध सेवाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस मौके पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, एसडीएम बल्दीराय, बेसिक शिक्षा अधिकारी, उपायुक्त उद्योग, पुलिस क्षेत्राधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




