वलीपुर चौकी पुलिस ने बघौना नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर पकड़ा
बीएनएस की गंभीर धाराओं में दर्ज था मुकदमा, एसपी के निर्देश पर चल रहा गिरफ्तारी अभियान
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
बल्दीराय थाना क्षेत्र में अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत वलीपुर चौकी पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस टीम ने पॉक्सो एक्ट समेत बीएनएस की गंभीर धाराओं में वांछित आरोपी राहुल यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे बघौना नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर दबोचा।
वलीपुर चौकी इंचार्ज ज्ञानेश दुबे के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी राहुल यादव पुत्र गुड्डू यादव, निवासी महमूदपुर मजरे हेमनापुर के खिलाफ बीएनएस की गंभीर धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज था। पुलिस काफी समय से उसकी तलाश कर रही थी। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में वांछित और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई में वलीपुर चौकी इंचार्ज ज्ञानेश दुबे के साथ कांस्टेबल पंकज कुमार और मुलायम सिंह शामिल रहे।




