घटनास्थल से पोस्टमार्टम हाउस तक व्यवस्थाओं की निगरानी, तीन एंबुलेंस से रवाना हुए शव
हलियापुर पुलिस व राजस्व टीम को सीमा तक साथ भेजने के निर्देश, प्रशासन की संवेदनशीलता आई सामने
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
सुलतानपुर जनपद पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के 79.6 किलोमीटर पर हलियापुर के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद जिला प्रशासन ने मृतकों के पार्थिव शरीरों को उनके पैतृक निवास रुद्रपुर, देवरिया भेजने की व्यवस्था की। पोस्टमार्टम की वैधानिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद पार्थिव शरीरों को सम्मान के साथ एंबुलेंस से रवाना किया गया।
जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह हादसे के बाद से ही परिजनों के संपर्क में रहे। उन्होंने घटनास्थल से लेकर पोस्टमार्टम हाउस तक पहुंचकर आवश्यक व्यवस्थाओं की निगरानी की और शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया। प्रशासन की ओर से पार्थिव शरीरों को उनके घर तक पहुंचाने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए।
पोस्टमार्टम हाउस से डोगरा रेजिमेंट, अयोध्या की ओर से दो एंबुलेंस तथा जिला प्रशासन की ओर से एक एंबुलेंस उपलब्ध कराई गई। इन्हीं वाहनों से मृतकों के पार्थिव शरीरों को उनके पैतृक निवास रुद्रपुर, देवरिया के लिए रवाना किया गया।
डीएम ने हलियापुर पुलिस और राजस्व टीम को एंबुलेंस के साथ जिले की सीमा तक जाने के निर्देश दिए, ताकि परिजनों को पार्थिव शरीर ले जाने में किसी तरह की परेशानी न हो। हादसे की गंभीरता के बीच प्रशासन की ओर से की गई व्यवस्थाओं और जिलाधिकारी की मौके पर सक्रिय मौजूदगी की चर्चा रही।




