डीसीपी पूर्वी डॉ. दीक्षा शर्मा ने 15 प्रतिभाशाली छात्राओं को मोमेंटो देकर किया सम्मानित
हेल्पलाइन नंबरों और सरकारी योजनाओं की दी जानकारी, आत्मनिर्भर बनने के लिए किया प्रेरित
लखनऊ उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश
महिला सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और महिलाओं के अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से चिनहट स्थित कुंवर ग्लोबल स्कूल में मिशन शक्ति 6.0 के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। डीसीपी पूर्वी डॉ. दीक्षा शर्मा और एसीपी विभूतिखंड शौम्या पांडेय के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस टीम ने छात्राओं और शिक्षिकाओं को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
कार्यक्रम में इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र सहित मिशन शक्ति टीम की महिला पुलिसकर्मियों ने सहभागिता की। पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को महिला सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और उत्तर प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में तत्काल पुलिस सहायता प्राप्त करने के लिए महिला हेल्पलाइन नंबरों और प्रदेश सरकार की सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी साझा की।
इस दौरान छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने, विपरीत परिस्थितियों में साहस और सूझबूझ से काम लेने तथा शिक्षा सहित जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस टीम ने महिला सुरक्षा से जुड़े उपायों की जानकारी देकर छात्राओं का आत्मविश्वास बढ़ाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान डीसीपी पूर्वी डॉ. दीक्षा शर्मा ने विद्यालय की 15 प्रतिभाशाली छात्राओं को मोमेंटो देकर सम्मानित किया। इस पहल का उद्देश्य छात्राओं का उत्साहवर्धन करने के साथ उन्हें भविष्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम के सफल आयोजन और छात्राओं का मनोबल बढ़ाने के लिए विद्यालय प्रशासन ने लखनऊ पुलिस की पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।




