नर्सिंग ऑफिसर और हॉस्पिटल अटेंडेंट की सभी ऑफलाइन परीक्षाएं निरस्त
बिना बायोमेट्रिक सत्यापन प्रवेश देने का अभ्यर्थियों ने लगाया आरोप
3500 से अधिक परीक्षार्थियों को होना पड़ा निराश
पुलिस अधिकारियों की सूझबूझ से शांत हुआ हंगामा, नई परीक्षा तिथि बाद में होगी घोषित
लखनऊ उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश
संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (SGPGI) की नर्सिंग ऑफिसर और हॉस्पिटल अटेंडेंट ग्रेड-II भर्ती परीक्षा में अनियमितताओं की शिकायतों के बाद संस्थान प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। द्वितीय चरण में आयोजित होने वाली दोनों पदों की सभी ऑफलाइन परीक्षाएं निरस्त कर दी गई हैं। परीक्षा केंद्रों पर गड़बड़ी के आरोपों और अभ्यर्थियों के विरोध प्रदर्शन के बाद प्रशासन ने एहतियातन यह कदम उठाया।
रविवार सुबह गोमतीनगर विस्तार के छोटा भरवारा स्थित एसडीएसएन डिग्री कॉलेज, एसडीएसएन पब्लिक स्कूल और जूरिस कॉलेज ऑफ लॉ परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। अभ्यर्थियों का आरोप था कि परीक्षा केंद्रों पर बिना बायोमेट्रिक सत्यापन के ही परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया जा रहा है। इससे परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसजीपीजीआई के परीक्षा प्रकोष्ठ ने पहले इन तीनों केंद्रों की परीक्षाएं निरस्त कीं। इसके बाद संस्थान प्रशासन ने सभी पांच सत्रों में आयोजित होने वाली द्वितीय चरण की ऑफलाइन परीक्षाओं को रद्द करने का निर्णय लिया। परीक्षा में 3500 से अधिक अभ्यर्थी शामिल होने पहुंचे थे। ये सभी प्रथम चरण की परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद दूसरे चरण में शामिल होने आए थे। संस्थान प्रशासन के अनुसार, परीक्षा की नई तारीखों की घोषणा अलग से की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने संभाली स्थिति
परीक्षा निरस्त होने और अनियमितताओं की शिकायतों के बीच अभ्यर्थियों ने धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने संयम और सूझबूझ का परिचय देते हुए अभ्यर्थियों से बातचीत की। पूर्वी जोन के एडीसीपी डॉ. अमोल मुरकुट की मौजूदगी में पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों की समस्याएं सुनीं और उन्हें समझाने का प्रयास किया।
इस दौरान एसीपी रत्नेश सिंह, एसीपी सौम्या पांडेय, एसीपी प्रदीप पांडेय, गोमतीनगर विस्तार थाना प्रभारी गौरव कुमार बाजपेयी, गोमतीनगर इंस्पेक्टर बृजेश तिवारी, चिनहट इंस्पेक्टर दिनेश चंद मिश्रा, इंदिरानगर इंस्पेक्टर अजय नारायण सिंह, उपनिरीक्षक उमंग और उपनिरीक्षक अजय शुक्ला समेत पुलिस बल मौजूद रहा।
समन्वय से समाप्त कराया गया प्रदर्शन
पुलिस अधिकारियों ने लगातार अभ्यर्थियों से संवाद बनाए रखा। उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए धैर्यपूर्वक समझाया गया। अधिकारियों के प्रयास और बेहतर समन्वय के चलते धरना-प्रदर्शन समाप्त हो गया। पूरे घटनाक्रम में पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए स्थिति को शांतिपूर्ण ढंग से संभाला। वहीं, परीक्षा निरस्त होने से अभ्यर्थियों को अब नई तारीखों का इंतजार करना पड़ेगा।




