लखनऊ में धार्मिक अनुष्ठान के जरिए जताई नाराजगी, राष्ट्रीय अध्यक्ष इंद्रसेन यादव समेत पार्टी पदाधिकारी रहे मौजूद
दिल्ली से लखनऊ तक चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध के अलग-अलग तरीके, मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग
लखनऊ उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
चुनाव आयोग के खिलाफ देशभर में जारी विरोध प्रदर्शनों के बीच राजधानी लखनऊ में जनता शासन पार्टी ने विरोध का अनोखा तरीका अपनाया। पार्टी मुख्यालय पर हवन-कुंड और कथा का आयोजन कर पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने आहुतियां दीं। धार्मिक अनुष्ठान के माध्यम से पार्टी ने सरकार के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर की।
गौरतलब है कि चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली सहित देश के विभिन्न हिस्सों में युवा संगठनों और राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी कड़ी में लखनऊ में जनता शासन पार्टी का यह आयोजन राजनीतिक चर्चा का विषय बना रहा।
पार्टी मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष इंद्रसेन यादव सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। पार्टी की ओर से हवन को देश में सुख, शांति और समृद्धि की कामना के साथ-साथ सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रतीकात्मक विरोध बताया गया। इस दौरान धार्मिक अनुष्ठान और राजनीतिक नाराजगी का अनूठा संगम देखने को मिला।
दिल्ली से लेकर लखनऊ तक विरोध के अलग-अलग तरीके सामने आने से चुनाव आयोग को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है।




