हेलमेट और सीट बेल्ट के प्रति लोगों को किया जाएगा जागरूक
सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए चलेगा विशेष अभियान
तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर रहेगी नजर, यातायात नियमों के पालन की अपील
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को यातायात माह नवंबर-2026 का शुभारंभ किया गया। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर से जागरूकता बाइक रैली और प्रचार-प्रसार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यातायात माह के दौरान जिलेभर में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
इसके तहत वाहन चालकों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट लगाने और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही ट्रिपल सवारी, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल, तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों के प्रति भी लोगों को जागरूक किया जाएगा।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क हादसों में कमी लाना और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाना है। इसके लिए विभिन्न माध्यमों से लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी जाएगी। विशेष रूप से युवाओं और दोपहिया वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने पर जोर रहेगा।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने आमजन से अपील की कि यातायात नियमों को बोझ नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का माध्यम समझें। हेलमेट और सीट बेल्ट का नियमित इस्तेमाल करें तथा वाहन चलाते समय सावधानी बरतें। थोड़ी सी लापरवाही स्वयं के साथ दूसरों की जिंदगी भी खतरे में डाल सकती है।
कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी यातायात रामकृष्ण चतुर्वेदी, क्षेत्राधिकारी नगर राघवेंद्र सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।




