मैच के दौरान सुरक्षा से समझौता नहीं, दर्शकों की सुविधा के लिए व्यापक ट्रैफिक प्लान
इकाना स्टेडियम में हजारों दर्शकों की जुटान, पुलिस ने संभाला सुरक्षा और यातायात का मोर्चा
लखनऊ उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश
लखनऊ राजधानी मे भारत और वेस्टइंडीज के बीच लखनऊ के इकाना स्टेडियम में होने वाले मुकाबले को लेकर पुलिस कमिश्नरेट ने सुरक्षा और यातायात के व्यापक इंतजाम किए हैं। स्टेडियम परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है, वहीं दर्शकों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए यातायात प्रबंधन की भी विशेष योजना तैयार की गई है।
संयुक्त पुलिस आयुक्त, कानून एवं व्यवस्था बबलू कुमार ने बताया कि मैच को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को कई स्तरों में बांटा गया है। स्टेडियम के प्रवेश द्वार, पार्किंग स्थल, दर्शक दीर्घाओं और आसपास के संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। आने-जाने वाले लोगों पर निगरानी रखने के साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि मैच के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता में है। स्टेडियम की ओर आने वाले मार्गों पर अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। वाहनों के दबाव को देखते हुए यातायात को आवश्यकतानुसार नियंत्रित और डायवर्ट किया जाएगा, ताकि दर्शकों के साथ ही स्थानीय लोगों को भी अनावश्यक परेशानी न हो।
संयुक्त पुलिस आयुक्त ने दर्शकों से अपील की कि वे निर्धारित मार्गों और पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करें तथा सुरक्षा जांच में पुलिस का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि स्टेडियम में प्रवेश के दौरान प्रतिबंधित वस्तुएं न लाएं और निर्धारित नियमों का पालन करें। पुलिस की ओर से सुरक्षा के साथ दर्शकों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मैच के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त बल और आवश्यक संसाधनों को भी तैयार रखा गया है। सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी की जाएगी, ताकि मुकाबला शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सके।




