यूपी में राज्यसभा की सभी 10 सीटों पर निर्विरोध चुनाव का रास्ता साफ
भाजपा के आठ और सपा के दो प्रत्याशियों का निर्विरोध निर्वाचन तय
लखनऊ उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने तीसरे प्रत्याशी को मैदान में नहीं उतारने का फैसला किया है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इसकी ओर स्पष्ट संकेत दिया। उन्होंने लिखा, “अब हमारी निगाह तीन पर नहीं, 403 पर है।”
इससे पहले सपा की ओर से तीसरे प्रत्याशी के नामांकन की तैयारी को लेकर पार्टी विधायकों के साथ चर्चा की गई थी। इसके बाद प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर मुकाबले की संभावना जताई जा रही थी। हालांकि, अखिलेश यादव के ताजा बयान के बाद सपा ने तीसरा प्रत्याशी नहीं उतारने का फैसला किया है।
सपा के इस निर्णय के बाद उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों पर निर्विरोध निर्वाचन का रास्ता साफ हो गया है। चुनाव मैदान में भाजपा के आठ और समाजवादी पार्टी के दो प्रत्याशी हैं। ऐसे में सभी 10 प्रत्याशियों के निर्विरोध निर्वाचित होने की स्थिति बन गई है।
अखिलेश यादव के बयान में विधानसभा की 403 सीटों का उल्लेख भी महत्वपूर्ण है। सपा अध्यक्ष ने राज्यसभा की तीन सीटों के संभावित मुकाबले के बजाय विधानसभा की 403 सीटों की ओर पार्टी का ध्यान होने की बात कही है। हालांकि, इस बयान को लेकर पार्टी की आगे की चुनावी रणनीति पर अलग-अलग राजनीतिक आकलन किए जा रहे हैं।
राज्यसभा चुनाव में तीसरे प्रत्याशी को नहीं उतारने के साथ ही विधायकों की संभावित क्रास वोटिंग और मतदान को लेकर चल रही चर्चाओं पर भी फिलहाल विराम लग गया है। अब राज्यसभा चुनाव में मतदान की स्थिति नहीं बनने पर सभी 10 प्रत्याशियों का निर्विरोध निर्वाचन होगा।
सपा के इस फैसले के बाद प्रदेश की राजनीति में राज्यसभा चुनाव की जगह अब आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों की गतिविधियों पर नजर रहेगी। अखिलेश यादव के “403 पर नजर” वाले बयान को इसी संदर्भ में देखा जा रहा है।




