संजय यदुवंशी की तलाश में पुलिस टीम, कोतवाली नगर में दर्ज है मुकदमा
पुलिस का पलटवार: गायक के खिलाफ विवेचना जारी, लगाए गए आरोपों को बताया असत्य
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश
अवधी गायक संजय यदुवंशी के घर देर रात पुलिस पहुंचने और पुलिसकर्मियों पर अभद्रता के आरोपों के बीच अब सुलतानपुर पुलिस ने अपना पक्ष सामने रखा है। पुलिस के मुताबिक संजय यदुवंशी के विरुद्ध थाना कोतवाली नगर में मारपीट और जानलेवा हमला करने के संबंध में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज है। पुलिस का कहना है कि मामले में आरोपित वांछित चल रहा है और उसकी तलाश की जा रही है।
सुलतानपुर पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया पोस्ट के अनुसार मामले में विवेचनात्मक कार्रवाई चल रही है। आरोपित की तलाश के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि मामले में अन्य विधिक कार्रवाई भी प्रचलित है।
पुलिस ने संजय यदुवंशी की ओर से पुलिस पर लगाए गए आरोपों को असत्य और निराधार बताया है। ऐसे में पूरे मामले में अब आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। एक तरफ गायक की ओर से पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए गए हैं, वहीं पुलिस ने मुकदमे और चल रही विवेचना का हवाला देते हुए अपना पक्ष रखा है।
अब निगाह इस बात पर है कि विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आगे क्या कार्रवाई करती है।




