छह दिन तक प्रदेश में मंथन गोरखपुर से शुरू होगा दौरा
अयोध्या और काशी में भी करेंगे अहम बैठकें
संगठन की मजबूती और चुनावी रणनीति पर पदाधिकारियों से लेंगे फीडबैक
लखनऊ उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश कुमार
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। इसी क्रम में भाजपा के प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े छह दिवसीय उत्तर प्रदेश दौरे पर रहेंगे। उनके दौरे को संगठनात्मक तैयारियों और चुनावी रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दौरे के दौरान तावड़े विभिन्न जिलों में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन की गतिविधियों की समीक्षा करेंगे।विनोद तावड़े के दौरे की शुरुआत गुरुवार को गोरखपुर से होगी। यहां वह पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ अहम बैठक करेंगे। बैठक में संगठन की तैयारियों, बूथ स्तर तक पार्टी की सक्रियता और आगामी चुनाव को लेकर चल रही गतिविधियों पर चर्चा होने की संभावना है। स्थानीय पदाधिकारियों से जमीनी स्थिति का फीडबैक भी लिया जाएगा।इसके बाद तावड़े अयोध्या और काशी का भी दौरा करेंगे। दोनों धार्मिक एवं राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण क्षेत्रों में पार्टी संगठन से जुड़े नेताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक प्रस्तावित है। इन बैठकों में क्षेत्रवार राजनीतिक परिस्थितियों, संगठन की स्थिति और आगामी चुनाव के लिए तैयारियों पर मंथन किया जाएगा।छह दिन के दौरे के दौरान तावड़े प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में पार्टी के संगठनात्मक कामकाज को परखेंगे। उनका फोकस कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद और जमीनी स्तर पर संगठन को सक्रिय रखने पर रहेगा। विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच प्रदेश प्रभारी का यह दौरा भाजपा की आगामी रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।




