देशभक्ति गीतों की धुन पर निकली स्वागत यात्रा, वीर अब्दुल हमीद की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
युवाओं को सेना में भर्ती होकर देश सेवा करने का दिया संदेश
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश
भारतीय सेना में 15 वर्षों तक सेवा देने के बाद सेवानिवृत्त होकर घर लौटे लंभुआ नगर पंचायत के कृष्णा नगर निवासी सभाजीत यादव का स्थानीय लोगों ने गाजे-बाजे के साथ भव्य स्वागत किया। इस दौरान लोगों ने उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया और पुष्प वर्षा कर उनके प्रति आदर व्यक्त किया। अपने क्षेत्र के जवान के घर लौटने पर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
सभाजीत यादव के स्वागत में नगर पंचायत क्षेत्र के लोगों ने डीजे पर बज रहे देशभक्ति गीतों की धुन के बीच लंभुआ मुख्य बाजार से तिरंगा चौराहे तक स्वागत यात्रा निकाली। यात्रा के दौरान भारत माता की जय और देशभक्ति के नारों से माहौल गूंज उठा। तिरंगा चौराहे पर पहुंचकर सभाजीत यादव ने वीर अब्दुल हमीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए और उनके शौर्य को नमन किया।
वार्ड सभासद कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि सभाजीत यादव ने भारतीय सेना में 15 वर्षों तक सेवाएं देकर देश की सुरक्षा में योगदान दिया। सेवानिवृत्ति के बाद उनके नगर आगमन पर स्थानीय नागरिकों ने एकजुट होकर उनका स्वागत किया। लोगों ने उनके सैन्य जीवन और देश सेवा के प्रति समर्पण की सराहना की।
इस अवसर पर सभाजीत यादव ने अपने सैन्य अनुभव साझा करते हुए बताया कि सेवा के दौरान उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर में भी भागीदारी की। इसके अलावा जम्मू सहित विभिन्न सीमावर्ती क्षेत्रों में तैनात रहकर देश की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाई। उन्होंने युवाओं से देशप्रेम की भावना के साथ सेना में भर्ती होकर राष्ट्रसेवा के लिए आगे आने की अपील की। विशेष रूप से उन्होंने अग्निवीर योजना के तहत युवाओं से बढ़-चढ़कर भागीदारी करने का आह्वान किया।
स्वागत कार्यक्रम में राम प्रसाद अग्रहरि, अनूप यादव, सभासद चंद्रकांत विश्वकर्मा सहित नगर पंचायत के सैकड़ों नागरिक मौजूद रहे। लोगों ने सेवानिवृत्त सैनिक को शुभकामनाएं देते हुए उनके योगदान पर गर्व जताया।




