सुरक्षा व्यवस्था और परीक्षार्थियों की सुविधाओं का लिया जायजा
अधिकारियों को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण परीक्षा कराने के दिए निर्देश
अम्बेडकर उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश
अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सुचारु ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। रविवार, 25 अक्टूबर को जिलाधिकारी ईशा प्रिया और पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने कोतवाली अकबरपुर क्षेत्र स्थित बीएनकेबी पीजी कॉलेज में बनाए गए परीक्षा केंद्र का सघन निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षार्थियों की सुविधाओं और परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए की गई तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने केंद्र पर व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी भी प्राप्त की।
डीएम और एसपी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान सभी निर्धारित नियमों और दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए। परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने पर विशेष जोर दिया गया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को पूरी सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए, ताकि परीक्षा प्रक्रिया व्यवस्थित एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके।




