प्रधानमंत्री के ‘टीबी मुक्त भारत’ अभियान को गति देने की पहल
दरियापुर लेबर कैंप में आयोजित हुआ कार्यक्रम भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी और पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. आरए वर्मा ने की पहल की सराहना
जिला क्षय रोग अधिकारी बोले—दवाओं के साथ पौष्टिक खानपान भी जरूरी
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
टीबी मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने के लिए स्वयंसेवी संस्थाएं भी आगे आ रही हैं। इसी क्रम में सिद्धार्थ जन कल्याण सेवा संस्थान, मीरपुर प्रतापपुर की ओर से दरियापुर फ्लाईओवर के नीचे स्थित लेबर कैंप में कार्यक्रम आयोजित कर टीबी से ग्रसित 10 मरीजों को गोद लिया गया। संस्था की ओर से सभी मरीजों को विशेष पोषण आहार किट वितरित की गई, ताकि उपचार के दौरान उन्हें पौष्टिक आहार उपलब्ध हो सके और स्वास्थ्य में सुधार हो।
संस्था के जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार तथा श्रम विभाग के सहायक श्रमायुक्त मधुबन राम के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील कुमार त्रिपाठी और पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. आरए वर्मा मुख्य रूप से मौजूद रहे। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. आरके कनौजिया, डिप्टी सीएमओ डॉ. लालजी सहित अन्य अधिकारियों ने भी सहभागिता की।
टीबी क्लिनिक के वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक सुरेश कुमार ने अतिथियों के साथ मरीजों को पोषण किट वितरित की
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील कुमार त्रिपाठी ने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की सेवा करना सबसे बड़ा धर्म है।
टीबी मरीजों को गोद लेकर उनके पोषण की जिम्मेदारी उठाना सराहनीय पहल है। ऐसे प्रयास टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. आरए वर्मा ने भी संस्था के प्रयासों की प्रशंसा की। इस दौरान दोनों अतिथियों ने संस्था के अध्यक्ष और पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर उत्साहवर्धन किया।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. आरके कनौजिया ने कहा कि टीबी के उपचार में नियमित दवाओं के साथ संतुलित और पौष्टिक खानपान भी महत्वपूर्ण है। मरीजों को समय पर उपचार पूरा करने और चिकित्सकीय सलाह का पालन करने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए। उन्होंने मरीजों की मदद के लिए संस्था की ओर से किए गए प्रयास को सराहनीय बताया।
संस्था के अध्यक्ष दिनेश कुमार ने सभी अतिथियों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि संस्थान भविष्य में भी समाज सेवा और स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित करेगा। कार्यक्रम को सफल बनाने में रीता देवी, कन्हैया लाल, सुरजीत, सूर्यकांत त्रिपाठी, दीपक कुमार और संतोष कुमार ने सहयोग किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक सुरेश कुमार, चंद्रभान यादव, ओमप्रकाश, नाजनीन, शहजाद, रमेश और मेराज सहित होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. ओमप्रकाश गौतम, आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. मंजूलता तथा आयुष्मान, नेत्र, दंत चिकित्सा और एमएमयू वैन से जुड़े प्रतिनिधि मौजूद रहे।




