‘छींके और कोर्ट पहुंच जाएं’… मुख्य चुनाव आयुक्त को लेकर सिंघवी ने दी कानूनी लड़ाई से बचने की सलाह
ज्ञानेश कुमार के खिलाफ न्यायिक कार्रवाई पर सिंघवी का मत, कहा- हर मामले का रास्ता अदालत नही
नई दिल्ली/Etv News 24/संवाददाता वागीश
नई दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सदस्य अभिषेक मनु सिंघवी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने के विचार से असहमति जताई है। एक यूट्यूब चैनल पर चर्चा के दौरान सिंघवी ने कहा कि वह ज्ञानेश कुमार को सामान्य कानूनी कार्रवाई से हटाने के पक्ष में नहीं हैं और व्यक्तिगत रूप से ऐसी कार्रवाई का विरोध करते हैं।
सिंघवी ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में हर मुद्दे को लेकर सीधे अदालत का रुख करना उचित नहीं है। उनके मुताबिक, लोगों में यह धारणा बनती जा रही है कि किसी मुद्दे पर असहमति हुई और तुरंत अदालत पहुंच गए। उन्होंने इस प्रवृत्ति को लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए उचित नहीं माना।
उन्होंने कहा, “मैं उन लोगों में से हूं जो न तो यह मानते हैं कि वो (ज्ञानेश कुमार) आम कानूनी कार्रवाई से हट सकते हैं, बल्कि मैं तो कानूनी कार्रवाई का विरोध करता हूं।”
सिंघवी ने आगे कहा कि “लोग समझते हैं कि आप छींकें और कोर्ट गए। हर बात में कोर्ट गए, तो आप गणतांत्रिक प्रक्रिया की अवहेलना कर रहे हैं।”
उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर राजनीतिक बहस तेज है। सिंघवी के बयान से यह संकेत भी मिलता है कि विपक्ष के भीतर भी चुनाव आयोग से जुड़े विवादों को अदालत तक ले जाने के तरीके को लेकर अलग-अलग राय है।




