महिमा चंद को बरेली विश्वविद्यालय में पदोन्नति के बाद वित्त अधिकारी का पद
तीन अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार
लखनऊ उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश कुमार
उत्तर प्रदेश शासन के वित्त (सेवाएं) अनुभाग-2 ने वित्त एवं लेखा सेवा के अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए महत्वपूर्ण आदेश जारी किए हैं। शासनादेश के अनुसार संयुक्त निदेशक कोषागार एवं पेंशन, आगरा मंडल की अधिकारी महिमा चंद को पदोन्नति के उपरांत रुहेलखंड विश्वविद्यालय, बरेली के रिक्त पद पर वित्त अधिकारी के रूप में तैनात किया गया है। उन्हें ग्रेड पे-8700 में डाउनग्रेड करते हुए उक्त पद पर पदस्थापित किया गया है। शासन ने उन्हें तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।तीन अधिकारियों को बिना अतिरिक्त वेतन के मिला अतिरिक्त प्रभारदूसरे शासनादेश में नियमित तैनाती अथवा अग्रिम आदेश तक वित्त एवं लेखा सेवा के तीन अधिकारियों को उनके नाम के सम्मुख अंकित पद का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। शासन के आदेश के मुताबिक संयुक्त निदेशक कोषागार निदेशालय, लखनऊ के दिलीप कुमार गुप्ता को वित्त नियंत्रक, भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं मुख्य वित्त एवं लेखाधिकारी, नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण गौतमबुद्धनगर मनोज कुमार सिंह को वित्त नियंत्रक, स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, बुलंदशहर का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।इसी क्रम में वित्त नियंत्रक, उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा), कानपुर की श्रीमती कंचन भारती को वित्त नियंत्रक, प्राविधिक शिक्षा निदेशालय, कानपुर का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि इन अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार के लिए किसी अतिरिक्त वेतन का भुगतान नहीं किया जाएगा।तत्काल प्रभाव से कार्यभार संभालने के निर्देशशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने अतिरिक्त प्रभार वाले पदों का कार्यभार तत्काल ग्रहण करने और इसकी सूचना शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।दोनों शासनादेश 16 सितंबर 2026 को वित्त (सेवाएं) अनुभाग-2 के सचिव संदीप कौर की ओर से जारी किए गए हैं। शासन के इस फैसले से विभिन्न विभागों और संस्थानों में वित्तीय एवं लेखा संबंधी कार्यों के संचालन के लिए अधिकारियों की जिम्मेदारियां स्पष्ट हो गई हैं।




