सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश कुमार
लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं के बीच जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने नागरिकों से सतर्कता बरतने और सुरक्षित रहने की अपील की है। उन्होंने खराब मौसम को देखते हुए लोगों से अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने तथा विशेष सावधानी बरतने को कहा है।
मौसम बिगड़ा तो घर में रहें, जलभराव वाले इलाकों से बनाएं दूरी
जिलाधिकारी ने नागरिकों से जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि तेज हवा और बारिश के दौरान विद्युत तारों, बिजली के खंभों, पेड़ों तथा कमजोर और जर्जर संरचनाओं के आसपास न जाएं।
तेज हवाओं में पेड़ और जर्जर भवन बन सकते हैं खतरा, बरतें विशेष सावधानी
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें। तेज हवाओं के समय पेड़ों, विद्युत लाइनों और कमजोर संरचनाओं के आसपास खड़े न हों। किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका होने पर तत्काल सुरक्षित स्थान पर चले जाएं।
प्रशासन अलर्ट, आपात स्थिति में तत्काल दें सूचना; अफवाहों से रहें दूर
जिलाधिकारी ने बताया कि मौसम की स्थिति पर प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है। संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई और व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने नागरिकों से किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन को तत्काल सूचना देने तथा अफवाहों पर ध्यान न देकर केवल विश्वसनीय सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की।




