किसानों को पांच लाख की चपत बारिश बनी केले की खेती की दुश्मन
हजारों पौधे गिरे तीन दिन की बारिश से केले की फसल चौपट, किसानों की बढ़ी चिंता
तेज हवा और बारिश से केले की फसल बर्बाद, किसानों को पांच लाख की चपत
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश कुमार
उत्तर प्रदेश के जनपद सुल्तानपुर 27 सितंबर 2026 के क्षेत्र में लगातार तीन दिन हुई बारिश और तेज हवा ने केले की खेती को भारी नुकसान पहुंचाया है। खेतों में पानी भरने से जहां केले के पौधे डूब गए, वहीं तेज हवा के कारण बड़ी संख्या में पौधे गिर गए। नई फसल के साथ तैयार हो रही केले की फसल भी प्रभावित हुई है। किसानों के अनुसार, उन्हें करीब पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
तेरये गांव निवासी विमलेश सिंह ने नरेंद्रपुर गांव में करीब 25 बीघा जमीन लीज पर लेकर केले की खेती की है। उन्होंने फसल तैयार करने में करीब ढाई लाख रुपये खर्च किए थे। लगातार बारिश के कारण खेतों में पानी भर गया, जिससे केले के पौधे डूब गए और फसल को काफी नुकसान पहुंचा।
इसी किसान ने बहमरपुर गांव में भी दस बीघा जमीन पर करीब चार हजार केले के पौधे लगाए हैं। तेज हवा के कारण इनमें से करीब दो हजार पौधे जमीन पर गिर गए। वहीं, एक हजार से अधिक पौधों में फल आ चुके थे। पौधों के गिरने और फसल प्रभावित होने से करीब दो लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।
आनापुर नरायनगंज निवासी किसान राम उजागिर वर्मा ने बताया कि उन्होंने 800 केले के पौधे लगाए थे। बारिश और तेज हवा के कारण करीब 300 पौधे नष्ट हो गए। इससे उन्हें लगभग 60 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।
किसानों का कहना है कि केले की फसल में पहले ही काफी लागत लग चुकी थी। फसल तैयार होने के समय मौसम की मार से उनकी मेहनत और पूंजी दोनों प्रभावित हुई हैं। किसानों ने नुकसान का आकलन कराकर मुआवजा दिलाए जाने की मांग की है।




