जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश
सुलतानपुर जनपद मे आज भारतीय जनता पार्टी की ओर से बुधवार को तिकोनिया पार्क में जिला स्तरीय सेवा ज्योति यात्रा एवं विकसित भारत संकल्प सभा आयोजित की गई। जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में जिला प्रभारी बृजभूषण सिंह मुख्य अतिथि रहे। बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए।
कार्यक्रम का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत @2047 के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के साथ सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करना रहा। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और देशभक्ति गीतों के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। अतिथियों के स्वागत के बाद सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया गया।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने वर्चुअल माध्यम से कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का प्रसारण हुआ। संबोधन के बाद कार्यकर्ताओं ने विकसित भारत @2047 का सामूहिक संकल्प लिया। पदाधिकारियों ने सेवा ज्योति प्रज्ज्वलित की। राष्ट्रगान के बाद सेवा ज्योति यात्राओं को रवाना किया गया।
बजरंगी के आवास पर पहुंचे पदाधिकारी
कार्यक्रम के क्रम में इसौली विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी एवं भाजपा नेता ओमप्रकाश पांडेय बजरंगी के आवास पर जिला प्रभारी बृजभूषण सिंह, जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी, कोऑपरेटिव अध्यक्ष योगेंद्र प्रताप सिंह, संजय यादव और भाजपा नेता आनंद द्विवेदी समेत अन्य पदाधिकारी पहुंचे। यहां सेवा संकल्प अभियान को प्रभावी बनाने, जनकल्याण के कार्यों को गति देने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर चर्चा हुई।
ओमप्रकाश पांडेय बजरंगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। उन्होंने सेवा और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
जिला मीडिया प्रमुख विजय रघुवंशी ने बताया कि सुबह से ही कार्यकर्ताओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। सेवा ज्योति यात्रा के प्रस्थान तक कार्यकर्ताओं में उत्साह बना रहा।




