2017 का आश्वासन याद दिला रहे ग्रामीण, बोले- दो बार मौका मिला, सड़क फिर भी बदहाल
स्कूली बच्चों की दुश्वारी से गरमाया स्थानीय मुद्दा, सड़क के साथ नाली निर्माण की मांग
ब्यूरो रिपोर्ट
सुल्तानपुर/ कादीपुर/उत्तर प्रदेश/ Etv News 24
जनपद सुलतानपुर कादीपुर बड़गांव से अलीमुद्दीनपुर जाने वाला प्रमुख मार्ग हल्की बारिश में ही तालाब में बदल जा रहा है। सड़क पर जलभराव और कीचड़ के बीच ग्रामीणों और स्कूली बच्चों का आवागमन मुश्किल हो गया है। मार्ग की बदहाली अब सिर्फ विकास का मुद्दा नहीं रह गई है, बल्कि स्थानीय राजनीति में भी सवाल खड़े करने लगी है। ग्रामीण क्षेत्रीय विधायक राजेश गौतम को वर्ष 2017 में किए गए सड़क निर्माण के आश्वासन की याद दिलाते हुए जवाब मांग रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि विधानसभा चुनाव के दौरान मार्ग निर्माण को प्राथमिकता देने का भरोसा दिया गया था। इसके बाद विधायक को लगातार दो बार प्रतिनिधित्व का अवसर मिला, लेकिन मार्ग की तस्वीर में अपेक्षित बदलाव नहीं आया। ग्रामीणों के इन आरोपों ने सड़क को लेकर स्थानीय स्तर पर जनप्रतिनिधि की जवाबदेही का सवाल खड़ा कर दिया है।
विकास के दावों के बीच सड़क बनी सवाल
नरवारी और अलीपुर क्षेत्र से होकर रामाचारी त्रिपाठी इंटर कॉलेज जाने वाले सैकड़ों छात्र-छात्राएं इसी मार्ग से गुजरते हैं। बारिश होते ही सड़क पर पानी और कीचड़ जमा हो जाता है। ग्रामीणों के मुताबिक बच्चों को फिसलन भरे रास्ते से स्कूल जाना पड़ता है। कई बार कपड़े और किताबें खराब होने की स्थिति भी बनती है।
ग्रामीणों का कहना है कि जिस मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में लोग और विद्यार्थी गुजरते हैं, उसकी बदहाली लंबे समय से बनी हुई है। ऐसे में चुनाव के समय किए गए विकास संबंधी वादों और उनके धरातल पर असर को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है।




