युगे युगेन भारत म्यूजियम के लिए 3,230 करोड़ रुपये मंजूर, नोएडा-ग्रेटर नोएडा मेट्रो विस्तार को भी हरी झंडी
छोटे कारोबारियों को कर्ज देने के लिए क्रेडिट गारंटी फंड में 5,000 करोड़ का प्रावधान
रबी सीजन 2026-27 के लिए खाद सब्सिडी दरों को मंजूरी, स्टैंड अप इंडिया योजना को भी मिलेगी मजबूती
नई दिल्ली/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में विकास, बुनियादी ढांचे, कृषि और छोटे कारोबारियों को प्रोत्साहन देने से जुड़े पांच अहम फैसले लिए गए। कैबिनेट ने युगे युगेन भारत म्यूजियम के निर्माण के लिए 3,230 करोड़ रुपये और नोएडा से ग्रेटर नोएडा मेट्रो परियोजना के लिए 2,390 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। इन फैसलों से जहां देश की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जाएगा, वहीं शहरी परिवहन व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
कैबिनेट ने रबी सीजन 2026-27 के लिए पोषक तत्व आधारित (एनबीएस) खाद सब्सिडी दरों को भी मंजूरी प्रदान की है। इससे किसानों को फसलों के लिए आवश्यक उर्वरक उपलब्ध कराने और खेती की लागत को नियंत्रित रखने में मदद मिलने की उम्मीद है।
इसके अलावा छोटे कारोबारियों को आसानी से कर्ज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से क्रेडिट गारंटी फंड में 5,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इससे छोटे उद्यमियों को वित्तीय संस्थानों से ऋण प्राप्त करने में सहूलियत मिलेगी और स्वरोजगार तथा रोजगार सृजन को बढ़ावा मिल सकता है।
वहीं, स्टैंड अप इंडिया योजना के क्रेडिट गारंटी फंड के लिए 4,111 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इस फैसले का उद्देश्य योजना के तहत ऋण सुविधा को मजबूत करना और नए उद्यमों को प्रोत्साहित करना है। केंद्र सरकार के इन पांच फैसलों को बुनियादी ढांचे, कृषि और उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।




