पूर्व विधायक के ‘लड़ना है तो लड़ना है’ वाले बयान से गरमाई सियासत, 2027 के चुनाव को लेकर शुरू हुई नई चर्चा
टिकट वितरण से पहले ही ठोकी ताल, संगठन के फैसले और व्यक्तिगत दावेदारी के बीच बढ़ सकता है टकराव
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
विधानसभा चुनाव 2027 की आहट के साथ ही 190 लम्भुआ विधानसभा क्षेत्र में सियासी गतिविधियां तेज होने लगी हैं। सूत्रों के मुताबिक मिली जानकारी के अनुसार भाजपा में टिकट के दावेदारों की सक्रियता के बीच पूर्व विधायक देवमणि द्विवेदी के एक बयान ने राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। एक साक्षात्कार के दौरान उनसे जब सवाल किया गया कि यदि पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट नहीं दिया तो उनका अगला कदम क्या होगा इस पर उन्होंने दो टूक अंदाज में कहा, “लड़ना है तो लड़ना है।”
पूर्व विधायक के इस बयान को 2027 के चुनाव में उनकी मजबूत दावेदारी और चुनावी मैदान में उतरने के इरादे के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि उन्होंने चुनाव किस दल से या किस चुनाव चिह्न पर लड़ने की बात स्पष्ट नहीं की, लेकिन उनके जवाब ने राजनीतिक चर्चाओं को हवा दे दी है।
190 लम्भुआ विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के भीतर टिकट को लेकर अभी से समीकरण बनने लगे हैं। ऐसे में देवमणि द्विवेदी का यह रुख पार्टी नेतृत्व के लिए भी एक राजनीतिक चुनौती बन सकता है। भाजपा में टिकट का फैसला संगठन और शीर्ष नेतृत्व की रणनीति के आधार पर होता है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि यदि पार्टी किसी दूसरे दावेदार पर भरोसा जताती है तो क्या पूर्व विधायक संगठन के फैसले के साथ खड़े होंगे या अपनी अलग चुनावी राह चुनेंगे?
राजनीतिक दृष्टि से लम्भुआ सीट पर जातीय समीकरण, स्थानीय विकास, क्षेत्रीय जनसंपर्क और कार्यकर्ताओं की सक्रियता आगामी चुनाव में अहम भूमिका निभा सकते हैं। पूर्व विधायक का बयान इन सभी चुनावी समीकरणों के बीच नई चर्चा का विषय बन गया है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि भाजपा नेतृत्व टिकट वितरण के समय किस दावेदार पर भरोसा जताता है और देवमणि द्विवेदी अपनी चुनावी रणनीति को क्या स्वरूप देते हैं। फिलहाल उनके ‘लड़ना है तो लड़ना है’ वाले बयान ने लम्भुआ की चुनावी राजनीति में हलचल जरूर पैदा कर दी है।




