तेज रफ्तार बस ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर, मौके पर ही थम गई दोनों की सांसें
कादीपुर के पदारथपुर के पास हुआ हादसा, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
लखनऊ-बलिया हाईवे पर शनिवार दोपहर तेज रफ्तार रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के पदारथपुर गांव के पास हुए इस भीषण हादसे में दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के दौलतपुर निवासी दीपक विश्वकर्मा (21) पुत्र संतोष विश्वकर्मा और चंदौली जिले के मालापुर निवासी मुकेश (27) किसी जरूरी काम से पांडेबाबा जा रहे थे। दोनों पदारथपुर के खरगूपुर पुरवे से बाइक पर सवार होकर निकले थे। इसी दौरान सुलतानपुर की ओर से कादीपुर जा रही रोडवेज बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची कादीपुर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दोनों शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में रोडवेज बस चालक की तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हादसा होना सामने आया है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।




