तीन दिनों तक सजेगी रूहानी महफिल, चादरपोशी
महफिल-ए-समा और कुल शरीफ की होगी रस्म
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
कोतवाली देहात क्षेत्र के नेकराही शरीफ बाईपास स्थित दरगाह पर हजरत सरकार-ए-आलम नवाज हाजी अल्लाहमान शाह वारसी (रहमतुल्लाह अलैह) का 80वां सालाना उर्स अकीदत और एहतराम के साथ मनाया जाएगा। उर्स का आगाज एक नवंबर 2026, रविवार को परचम कुशाई की रस्म के साथ होगा। इस मौके पर तीन दिनों तक विभिन्न दीनी और मजहबी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उर्स के सिलसिले में दो नवंबर को नमाज-ए-जुहर के बाद मौला अली मुश्किल कुशा की महफिल सजेगी।
नमाज-ए-मगरिब के बाद जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी का आयोजन होगा। तीन नवंबर को सुबह एहतराम पेशी और चादर शरीफ पेश करने की रस्म अदा की जाएगी। शाम को महफिल-ए-समा में सूफियाना कलाम पेश किए जाएंगे।
चार नवंबर को सुबह कुल शरीफ की रस्म अदा होगी। इसके बाद जायरीनों के लिए लंगर-ए-आम का इंतजाम किया गया है।
आयोजक अंजुमन-ए-वारसी के जनरल सेक्रेटरी ने तमाम अकीदतमंदों और जायरीनों से उर्स में शिरकत करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस रूहानी आयोजन में अमन, मोहब्बत, भाईचारे और आपसी सौहार्द का पैगाम आम किया जाएगा।




