परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही का लगाया आरोप, बच्चेदानी निकालने का भी दावा
सीओ समेत कई थानों की पुलिस पहुंची, स्वास्थ्य विभाग ने शुरू की जांच
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
कोतवाली क्षेत्र के चांदा बाजार स्थित न्यू आयुषी पाली क्लीनिक में शुक्रवार शाम सिजेरियन ऑपरेशन के बाद नवजात की मौत को लेकर परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों ने चिकित्सक पर उपचार और ऑपरेशन में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए क्लीनिक के बाहर विरोध जताया। हंगामे की सूचना पर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
परिजनों का आरोप है कि प्रसव पीड़िता का सिजेरियन ऑपरेशन किया गया था। ऑपरेशन के बाद नवजात की मौत हो गई। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि ऑपरेशन के दौरान महिला की बच्चेदानी निकाल दी गई। इन आरोपों को लेकर क्लीनिक के बाहर लोगों की भीड़ जुट गई और काफी देर तक विरोध-प्रदर्शन चलता रहा।
मामले की सूचना मिलते ही सीओ लंभुआ ऋतिक कपूर समेत कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। किसी तरह का विवाद बढ़ने से रोकने के लिए पुलिसकर्मी मौके पर तैनात रहे।
स्वास्थ्य विभाग ने भेजी टीम
सीएमओ ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद नोडल अधिकारी और सीएचसी अधीक्षक को मौके पर भेजा गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम क्लीनिक पहुंचकर मामले से संबंधित जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों के अनुसार जांच के बाद ही ऑपरेशन और उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही हुई या नहीं, इसकी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल नवजात की मौत को लेकर परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की जांच के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी।




